एशिया कप विजेता सूची (1984-2025) इतिहास और रिकार्ड्स

क्रिकेट एशिया कप एक ऐसा टूर्नामेंट है, जहाँ सिर्फ ट्रॉफी के लिए नहीं बल्कि एशियाई देशों के बीच “क्रिकेट का किंग” बनने के लिए जंग होती है। एशिया कप विजेता सूची बताती है कि इसमें भारत का दबदबा है लेकिन पाकिस्तान और श्रीलंका की चुनौती भी कम नहीं है।

एशिया कप की शुरुआत वर्ष 1984 में हुई थी। तब से लेकर आज तक इस टूर्नामेंट के 17 सफल सीजन खेले जा चुके हैं। एशिया कप महाद्वीप की सबसे बेस्ट टीम चयन का मंच होने के साथ-साथ पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी टीमों के बीच रोमांच का गवाह भी रहा है। Asia Cup Winners List में सबसे बड़ा नाम भारत का आता है, क्योंकि भारत अब तक 9 बार जीत चूका है। वर्ष 1984 में शारजाह में खेले गए प्रथम संस्करण में भारत ने खिताब जीतकर दबदबा कायम किया था।

अब तक खेले गए 17 संस्करणों में से 9 बार भारत एशिया कप विजेता बना, जो किसी भी टीम द्वारा जीते गए सबसे अधिक खिताब है। प्रारम्भ में एशिया कप वनडे (ODI) फॉर्मेट में खेला जाता था, लेकिन समय की मांग को देखते अब इसे टी-20 फॉर्मेट में भी आयोजित किया जाने लगा है।

एशिया कप (Asia Cup) में भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नाम एक बेहद खास उपलब्धि है- धोनी एकमात्र कप्तान है, जिन्होंने एशिया कप को वनडे और टी-20, दोनों फॉर्मेट में जीता है।

एशिया कप के इतिहास में भारत और श्रीलंका का वर्चस्व स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। भारत के बाद श्रीलंका 6 बार यह कप जीत चूका है जबकि पाकिस्तान ने 2 बार यह खिताब जीत चूका है।

एशिया कप विजेता सूची (Asia Cup Winners List)

वर्षविजेताजीत का अंतरउपविजेतामेजबान
1984भारतज्यादा मैच जीतश्रीलंकायू.ए.ई.
1986श्रीलंका5 विकेटपाकिस्तानश्रीलंका
1988भारत6 विकेटश्रीलंकाबांग्लादेश
1990-91भारत7 विकेटश्रीलंकाभारत
1995भारत8 विकेटश्रीलंकायू.ए.ई.
1997श्रीलंका8 विकेटभारतश्रीलंका
2000पाकिस्तान39 रनश्रीलंकाबांग्लादेश
2004श्रीलंका25 रनभारतश्रीलंका
2008श्रीलंका100 रनभारतपाकिस्तान
2010भारत81 रनश्रीलंकाश्रीलंका
2012पाकिस्तान2 रनबांग्लादेशबांग्लादेश
2014श्रीलंका5 विकेटपाकिस्तानबांग्लादेश
2016भारत8 विकेटबांग्लादेशबांग्लादेश
2018भारत3 विकेटबांग्लादेशयू.ए.ई.
2022श्रीलंका23 रनपाकिस्तानश्रीलंका
2023भारत10 विकेटश्रीलंकाश्रीलंका/पाकिस्तान
2025भारत5 विकेटपाकिस्तानयू.ए.ई.

किस देश ने कितनी बार जीता एशिया कप

देशविजेतारनर-अप
भारत0903
श्रीलंका0608
पाकिस्तान0203
बांग्लादेश0003
अफगानिस्तान0000
UAE0000
हॉन्गकॉन्ग0000
नेपाल0000

क्रिकेट एशिया कप का इतिहास (History Of Asia Cup)

क्रिकेट एशिया कप की शुरुआत वर्ष 1984 में हुई थी। तब से लेकर आज तक यह टूर्नामेंट एशियाई देशों के बीच अपनी श्रेष्ठता साबित करने का सबसे बड़ा मंच रहा है। एशिया कप के इतिहास की सर्वश्रेष्ठ टीमों में भारत, श्रीलंका और पाकिस्तान का नाम आता है, क्योंकि इन तीन टीमों के अलावा अभी तक इस टूर्नामेंट को कोई जीत नहीं पाया है।

अब तक खेले गए एशिया कप का इतिहास इस तरह है-

क्रिकेट एशिया कप 1984 (प्रथम संस्करण)

एशिया कप के इतिहास का आगाज शारजाह (UAE) में, साल 1984 में हुआ था। इस पहले संस्करण में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने भाग लिया था। इसमें कोई फाइनल मुकाबला नहीं खेला गया था, यह टूर्नामेंट राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में आयोजित हुआ था।

इस टूर्नामेंट में कुल 3 मैच खेले गए थे, जिनका विवरण निम्न है-

पहला मैच: 6 अप्रैल 1984 (पाकिस्तान vs श्रीलंका)

इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए. 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

दूसरा मैच: 8 अप्रैल 1984 (भारत vs श्रीलंका)

इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 96 रन बनाए जिसे भारत ने बिना विकेट खोए हासिल कर लिया, इस तरह भारत ने यह मैच 10 विकेट से जीता।

तीसरा मैच: 13 अप्रैल 1984 (भारत vs पाकिस्तान)

इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने 189 रन का लक्ष्य रखा, लेकिन पाकिस्तान की टीम 134 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. भारत ने यह मुकाबला 54 रनों से जीता था।

भारत ने श्रीलंका और पाकिस्तान दोनों को हराया था, जबकि श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराया और पाकिस्तान की जीत का खाता भी नहीं खुला था। सबसे अधिक मैच (2 मैच) जीतकर एशिया कप के इस प्रथम संस्करण में भारत विजेता रहा। प्रथम एशिया कप विजेता भारत के कप्तान सुनील गावस्कर थे।

क्रिकेट एशिया कप 1986

एशिया कप का दूसरा संस्करण 30 मार्च से 6 अप्रैल 1986 तक श्रीलंका में खेला गया था। द्वितीय संस्करण में भारत ने भाग नहीं लिया था। इसमें श्रीलंका के अलावा पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमों ने भाग लिया था। यह एशिया कप 45-45 ओवर के फॉर्मेट में खेला गया।

फाइनल श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच खेला गया था, जिसमें पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 191 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम ने 42.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका 5 विकेट से जीतकर एशिया कप का नया चैंपियन बना। श्रीलंका एशिया कप इतिहास की दूसरी ऐसी टीम बनी जिसने यह खिताब अपने नाम किया। श्रीलंका के कप्तान दिलीप मेंडिस थे।

एशिया कप 1988

यह 27 अक्टूबर से 4 नवंबर 1988 के बीच बांग्लादेश में खेला गया था। इसमें भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमों ने भाग लिया। यह बांग्लादेश में आयोजित होने वाला पहला बड़ा इंटरनेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट था। एशिया कप के इस संस्करण में भारत और श्रीलंका ने फाइनल में जगह बनाई।

ढाका में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 177 रनों का लक्ष्य रखा, जिसे भारत ने 37.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। भारत ने दिलीप वेंगसरकर की कप्तानी में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार एशिया कप ट्रॉफी अपने नाम की।

इस जीत के साथ भारत एशिया कप इतिहास की सबसे सफल टीम के रूप में उभरा, जिसने पहले तीन संस्करणों में से दो (1984 और 1988) अपने नाम किए।

एशिया कप 1990-91

यह एशिया कप का चौथा संस्करण था, इसका आयोजन भारत में हुआ। इसमें भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमों ने भाग लिया जबकि पाकिस्तान ने हिस्सा नहीं लिया था। मोहम्मद अज़हरुद्दीन की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को फाइनल में 7 विकेट से हराकर लगातार दूसरी (कुल तीसरी) बार यह खिताब हासिल किया।

फाइनल में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 204 रन बनाए, भारत ने यह लक्ष्य 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

एशिया कप 1995

एशिया कप का पाँचवा संस्करण UAE में 5 अप्रैल से 14 अप्रैल तक खेला गया था, जिसमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने भाग लिया था। भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका के लीग मैचों के बाद समान अंक थे, लेकिन बेहतर रन रेट के आधार पर भारत और श्रीलंका ने फाइनल में जगह बनाई।

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 230 रन बनाए, टीम इंडिया ने मात्र 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने श्रीलंका को हराकर खिताबी जीत की हैट्रिक पूरी की।

शुरूआती 5 से 4 खिताब जीतकर भारत ने अपना दबदबा कायम किया, इतना ही नहीं मोहम्मद अज़हरुद्दीन की कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीती।

एशिया कप 1997

एशिया कप का छठा संस्करण क्रिकेट प्रेमियों के लिए काफी रोमांचक रहा, इसका आयोजन 14 जुलाई से 26 जुलाई 1997 के बीच श्रीलंका में किया गया था। एशिया की 4 प्रमुख टीमों भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश ने इसमें भाग लिया था। श्रीलंका ने अपने होम ग्राउंड पर शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में टीम इंडिया (भारत) को 8 विकेट से हराकर ख़िताब अपने नाम किया।

इस श्रीलंकन टीम का नेतृत्व अर्जुन रणतुंगा कर रहे थे, जबकि भारतीय टीम की कमान सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के हाथ में थी। इस जीत के साथ श्रीलंका ने दूसरी बार एशिया कप ट्रॉफी उठाई। श्रीलंका के कप्तान अर्जुन रणतुंगा को “मैन ऑफ दी सीरीज” रहे।

एशिया कप 2000

एशिया कप 2000 पाकिस्तान के लिए बेहद खास रहा, क्योंकि इसी साल उन्होंने पहली बार इस ख़िताब को जीता था। यह टूर्नामेंट 29 मई से 7 जून के बीच बांग्लादेश की मेजबानी में खेला गया था। पाकिस्तान और श्रीलंका ने फाइनल में जगह बनाई, एशिया कप का फाइनल मुकाबला ढाका में खेला गया। पाकिस्तान ने श्रीलंका को 39 रनों से पराजित कर पहली बार यह खिताब अपने नाम किया।

एशिया कप विजेता सूची (Asia Cup Winners List) में पहली बार मोईन खान की कप्तानी में पाकिस्तान ने अपना नाम दर्ज करवाया। पाकिस्तान के युसूफ योहाना (अब मोहम्मद युसूफ) को शानदार बल्लेबाजी के लिए “मैन ऑफ दी सीरीज” चुना गया।

एशिया कप 2004

एशिया कप का आठवां संस्करण कई मायनों में यादगार रहा, खासकर नई टीमों के आगमन और श्रीलंका के बेहतरीन खेल के लिए। यह टूर्नामेंट 16 जुलाई से 1 अगस्त के बीच श्रीलंका की मेजबानी में खेला गया। एशिया कप के इतिहास में पहली बार इस टूर्नामेंट में हांगकांग और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने हिस्सा लिया।

छः टीमों की इस प्रतियोगिता में कुल 13 मुकाबले खेले गए। कोलंबो में खेले गए फाइनल में श्रीलंका ने भारत को 25 रनों से हराकर खिताबी जीत हासिल की।

श्रीलंका के कप्तान मर्वन अट्टापट्टू और भारत के कप्तान सौरव गांगुली थे। इस जीत के साथ श्रीलंका में एशिया कप विजेता सूची में तीसरी बार अपना नाम दर्ज करवाया।

श्रीलंका के दिग्गज खिलाड़ी सनथ जयसूर्या को बेहतरीन ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द सीरीज” चुना गया।

एशिया कप 2008

एशिया कप का नौवां संस्करण पाकिस्तान की सरजमीं पर खेला गया था, जहाँ श्रीलंका ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया। कराची में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को 100 रनों के विशाल अंतर से हराया। एशिया कप विजेता श्रीलंका टीम के कप्तान महिला जयवर्धने थे जबकि भारतीय टीम का नेतृत्व महेंद्र सिंह धोनी कर रहे थे।

यह श्रीलंका की चौथी खिताबी जीत थी।

श्रीलंकाई स्पिनर अजंता मेंडिस ने करिश्माई गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए, भारत के पाले में जा रहे फाइनल मुकाबले में 6 विकेट लेकर, मैच को श्रीलंका की झोली में डाल दिया। टीम इंडिया के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त करने वाले जादुई स्पिनर अजंता मेंडिस को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

एशिया कप 2010

एशिया कप का 10वां संस्करण भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत महत्वपूर्ण था, क्योंकि भारत ने लंबे अंतराल के बाद इस ट्रॉफी को हासिल किया था। यह टूर्नामेंट 15 जून से 24 जून के बीच श्रीलंका में आयोजित किया गया था। दांबुला में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने श्रीलंका को 81 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

भारतीय टीम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारत ने छठी बार एशिया कप जीता। इस प्रतियोगिता में श्रीलंका की कमान कुमार संगकारा के हाथ में थी। पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी को “प्लेयर ऑफ दी सीरीज” चुना गया।

एशिया कप 2012

एशिया कप का 11वां संस्करण बांग्लादेश की मेजबानी में खेला गया, जहाँ मेजबान टीम ने अपने खेल से सबको चौंका दिया था। यह टूर्नामेंट 11 मार्च से 22 मार्च तक खेला गया था। बांग्लादेश ने अच्छा खेल दिखाया और फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेला गया, जिसमें पाकिस्तान ने मात्र 2 रन से बांग्लादश को पराजित कर यह खिताबी मुकाबला जीता। बांग्लादेश जीत के करीब आकर मैच हार गया, जिसके बाद खिलाड़ी और फैन भावुक नजर आए। विजेता पाकिस्तान की कमान मिस्बाह-उल-हक़ के हाथों में थी, जबकि बांग्लादेश की कमान मुशफिकुर रहीम कर रहे थे।

बांग्लादेश के शाकिब-अल- हसन को बेहतरीन ऑलराउंडर प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ दी सीरीज” चुना गया।

पाकिस्तान ने एशिया कप विजेता सूची में दूसरी बार अपना नाम दर्ज करवाया।

एशिया कप 2014

एशिया कप का 12वां संस्करण बांग्लादेश में आयोजित किया गया था, जहाँ श्रीलंका अजेय रहते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। यह टूर्नामेंट 25 फरवरी से 8 फरवरी के बीच लगातार दूसरी बार बांग्लादेश में खेला गया। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश के अलावा पहली बार अफगानिस्तान टीम ने भाग लिया।

मीरपुर में खेले गए फाइनल मैच में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। विजेता श्रीलंकाई टीम के कप्तान एंजलो मैथ्यूज थे जबकि पाकिस्तान की कमान मिस्बाह-उल-हक़ के हाथों में थी। इस जीत के साथ श्रीलंका ने पाँचवी बार यह खिताब जीता। भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए यह निराशाजनक रहा क्योंकि भारत लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह नहीं बना सकी।

श्रीलंकाई बल्लेबाज लाहिरू थिरिमाने ने टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन (279) बनाए, उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

एशिया कप 2016

यह एशिया कप का तेहरवां संस्करण था। एशिया कप 2016 का आयोजन बांग्लादेश में किया गया था। यह लगातार तीसरी बार था जब बांग्लादेश को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिली। 24 फरवरी से 6 मार्च के बीच खेले गए, इस टूर्नामेंट को पहली बार टी-20 फॉर्मेट में खेला गया था, ताकि टीमें आने वाले टी-20 विश्व कप की तैयारी कर सकें।

शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। भारतीय टीम महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में छठी बार एशिया कप खिताब जीता। बांग्लादेश के सब्बीर रहमान को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया।

एशिया कप 2018

यह एशिया कप का 14वां संस्करण था, इसका आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में किया गया। 15 सितम्बर से 28 सितम्बर के बीच इसका आयोजन हुआ था, इसका फाइनल मुकाबला बहुत रोमांचक हुआ। फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 3 विकेट से हराकर एशिया कप इतिहास की सातवीं खिताबी जीत दर्ज की।

इस प्रतियोगिता में भारत के कप्तान रोहित शर्मा थे। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (342 रन) को “प्लेयर ऑफ द सीरीज” चुना गया।

एशिया कप 2022

एशिया कप का 15वां संस्करण टी-20 फॉर्मेट में खेला गया था, जिसका आयोजन 27 अगस्त से 11 सितम्बर के बीच हुआ था। इस टूर्नामेंट का आधिकारिक मेजबान श्रीलंका होने के बावजूद वहां के आर्थिक और राजनितिक हालातों के कारण इसे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजित किया गया।

दुबई में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 170 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 147 रनों पर सिमट गई और श्रीलंका ने 23 रनों से जीत दर्ज कर, छठी बार एशिया कप विजेता सूचि में अपना नाम दर्ज करवाया।

श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका थे। श्रीलंका के स्टार ऑलराउंडर वानिंदू हसरंगा ने 6 मैचों में 9 विकेट लिए और 66 रन बनाए, इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए हसरंगा को “प्लेयर ऑफ द सीरीज” चुना गया।

एशिया कप 2023

एशिया कप का यह 16वां संस्करण हाइब्रिड मॉडल पर खेला गया था, इसका आयोजन संयुक्त रूप से श्रीलंका और पाकिस्तान में किया गया था। भारत के सभी मैच श्रीलंका में खेले गए थे। भारत और श्रीलंका ने फाइनल में जगह बनाई, कोलंबो में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम इंडिया के गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए श्रीलंका को मात्र 50 रनों पर ऑलआउट कर दिया।

मोहम्मद सिराज ने 23 रन देकर 6 विकेट हासिल किए जबकि हार्दिक पांड्या ने 3 विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को धराशाही कर दिया। भारत ने 6.1 ओवर में बिना विकेट खोए, यह लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की यह 8वीं एशिया कप खिताबी जीत थी। कुलदीप यादव को “प्लेयर ऑफ द सीरीज” चुना गया।

एशिया कप 2025

एशिया कप 2025 का आयोजन UAE में खेला गया था। इसका फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। पाकिस्तान की शुरुआत शानदार रही और साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े लेकिन कुलदीप यादव (4 /30) की घातक गेंदबाजी के दम पर भारत ने पाकिस्तान टीम को 19.1 ओवर में 146 रनों पर ऑलआउट कर दिया।

जब टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो शुरआत बेहद ख़राब रही, टीम इंडिया ने 20 रनों तक 3 विकेट खो दिए। लेकिन बाद में तिलक वर्मा 69 (48) रनों की बेहतरीन पारी के दम पर भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खिताबी जीत दर्ज की।

एशिया कप विजेता कप्तान

एशिया कप विजेता सूची में आपने विजेता टीम्स के बारे में पढ़ा, यहाँ पर आपके लिए एशिया कप विजेता कप्तानों की लिस्ट दी गई है-

सालविजेताकप्तान
1984भारतसुनील गावस्कर
1986श्रीलंकादुलीप मेंडिस
1988भारतदिलीप वेंगसरकर
1990-91भारतमोहम्मद अज़हरुद्दीन
1995भारतमोहम्मद अज़हरुद्दीन
1997श्रीलंकाअर्जुन रणतुंगा
2000पाकिस्तानमोईन खान
2004श्रीलंकामरवन अट्टापट्टू
2008श्रीलंकामहेला जयवर्धने
2010भारतमहेंद्र सिंह धोनी
2012पाकिस्तानमिस्बाह-उल-हक़
2014श्रीलंकाएंजलो मैथ्यूज
2016भारतमहेंद्र सिंह धोनी
2018भारतरोहित शर्मा
2022श्रीलंकादासुन शनाका
2023भारतरोहित शर्मा
2025भारतसूर्यकुमार यादव

डकवर्थ-लुईस नियम क्या है? आसान भाषा में समझें DLS Method का पूरा गणित

सवाल-जवाब

अब तक सबसे ज्यादा बार एशिया कप किस टीम ने जीता है?

जवाब- एशिया कप के इतिहास की सबसे सफल टीम भारत है। भारत ने अब तक 9 बार यह खिताब अपने नाम किया है।

क्या एशिया कप सिर्फ वनडे (ODI) फॉर्मेट में ही खेला जाता है?

जवाब- नहीं, एशिया कप अब वनडे और टी-20 दोनों फॉर्मेट में खेला जाता है।

किस भारतीय कप्तान ने एशिया कप को वनडे और टी-20 दोनों फॉर्मेट में जीता है?

जवाब- महेंद्र सिंह धोनी ने 2010 में वनडे फॉर्मेट और 2016 में टी-20 फॉर्मेट में जीता।

एशिया कप 2025 का फाइनल किन टीमों के बीच हुआ और विजेता कौन रहा?

जवाब- एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया था, जिसमें भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार जीत दर्ज की।

एशिया कप की शुरुआत कब हुई थी?

जवाब- एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी।

प्रथम एशिया कप विजेता टीम कौनसी थी?

जवाब- भारत एशिया कप जीतने वाली पहली टीम है।

एशिया कप का आयोजन कौन करता है?

जवाब- एशिया कप का आयोजन एशियाई क्रिकेट परिषद (Asian Cricket Council- ACC) द्वारा किया जाता है।